ChhattisgarhKCGखास-खबर

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण करें विभागीय अधिकारी – कलेक्टर

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी

बोर्ड परीक्षाओं हेतु चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश

स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा

लखपति दीदी योजना से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर फोकस

खैरागढ़: कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं तथा जनहित से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समय-सीमा में प्राप्त आवेदनों का निराकरण निर्धारित अवधि में अनिवार्य रूप से किया जाए। आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों में स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था तथा साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, प्रश्न पत्रों के सुरक्षित भंडारण एवं वितरण की गोपनीयता बनाए रखने तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता, अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने छूटे हुए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड तथा आभा आईडी शीघ्र बनाने के निर्देश दिए, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, सभी गर्भवती माताओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करने तथा प्रसव पूर्व आवश्यक जांच (एएनसी) शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए मैदानी अमले द्वारा नियमित मॉनिटरिंग पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने हेतु संचालित लखपति दीदी योजना की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कलेक्टर ने हितग्राही महिलाओं की आय के स्रोत, प्रशिक्षण की स्थिति एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि चयनित लखपति दीदियों की आय निरंतर बनी रहे। उन्होंने स्वरोजगार गतिविधियों के विस्तार, उत्पादों के बेहतर विपणन, बैंकिंग सुविधा के माध्यम से वित्तीय सहयोग तथा नियमित तकनीकी मार्गदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अपूर्ण एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, एसडीएम सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page