टोनही के शक में बेटी ने मां पर किया जानलेवा हमला

प्राणघातक हमला करने वाली महिला को चौकी पोड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

पोड़ी। बोड़ला थाना के पोंडी चौकी अंतर्गत टोनही के शक में बेटी ने अपनी ही मां पर जानलेवा हमला कर दिया। मां के सिर पर सिलबट्टा से वार किया। चीख-पुकार कर खुद परिजनों को जगाकर बताया कि मां पर किसी ने हमला किया है।
घटना ग्राम पोंड़ी में 28 जुलाई की सुबह 6 बजे की है। आरोपी पुष्पा पति केदारी साहू (45) अपने मायके पोंडी आई हुई थी। 27 जुलाई की रात में परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सोने चले गए। एक कमरे में आरोपी पुष्पा अपनी मां के साथ एक ही खाट पर सोई थी। वहीं उसी कमरे में उसके पिता भी थे। 28 जुलाई की भोर सुबह खाट पर लेटे हुए आरोपी पुष्पा ने अपनी मां को टोनही कहते हुए बहस शुरू कर दी। फिर खाट के पास रखे सिलबट्टे से मां के सिर पर ताबड़ तोड़ हमला कर दिया। हमले से उसकी मां बेहोश हो गई।
मृत समझकर बेटी ने शोर मचाया और घर के बाकी सदस्यों को जगाते हुए बताया कि मां पर किसी ने हमला कर दिया। महिला को तुरंत बोड़ला अस्पताल ले जाया गया, वहां से कवर्धा जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जब महिला को होश आया. तब उन्होंने बताया उसकी बेटी ने ही उस पर हमला किया। इसके बाद महिला के बेटे ने मामला दर्ज कराया। पुलिस चौकी में शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पुष्पा साहू के खिलाफ धारा 307, छग टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धारा 4, 5 के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है।
एफआईआर में शिकायकर्ता ने बताया उसकी बहन पुष्पा के पहले शादी हुई थी। उसके दो बच्चे जन्म के कुछ दिन में ही मौत हो गई। इसके बाद से हमेशा ही वह मां पर ही शक करती और टोनही कहती रहती थी।
इस कार्यवाही में आरोपिया को गिरफ्तार करने में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवरत्न कश्यप प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश, विरु टेकाम, आसिफ खान एवं महिला आरक्षक मंजू निर्मलकर का सराहनीय योगदान रहा।



