कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में की विभागीय कार्यों की समीक्षा


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
धान खरीदी, पेयजल व्यवस्था व ई-ऑफिस अनुपालन पर दिए आवश्यक निर्देश
खैरागढ़ :
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने जिले में धान खरीदी की स्थिति की समीक्षा करते हुए टोकन वितरण, धान उठाव एवं संग्रहण केंद्रों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। निर्माण विभागों से लंबित कार्यों की प्रगति की बारी-बारी से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वय वंदना कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली एवं बायोमैट्रिक उपस्थिति का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर द्वय रेणुका रात्रे एवं पूजा पिंचा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




