G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAखास-खबर

पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में परिचयात्मक कार्यक्रम का कलेक्टर ने किया शुभारंभ

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ 22 अगस्त 2025// शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में शैक्षणिक सत्र 2025-26 हेतु नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का परिचयात्मक कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में आरंभ हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कलेक्टर  इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सीईओ  प्रेम कुमार पटेल, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) से डॉ. मकसूद खान एवं डिंपल ठाकुर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत माता की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन और माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलती तकनीकी दुनिया में स्वयं को निरंतर अपडेट रखना आवश्यक है। उन्होंने “मेक एंड ब्रेक” की अवधारणा पर चर्चा करते हुए छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक और अवसरों के प्रति सकारात्मक रुख रखने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने संस्था की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कॉलेज रोजगार प्रदाय में प्रदेश के अग्रणी संस्थानों में से एक है।

जिला पंचायत सीईओ  प्रेम कुमार पटेल ने छात्रों को अनुशासन, धैर्य और लगन को सफलता की कुंजी बताते हुए उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लक्ष्य पूर्ति में प्रशासन हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।

संस्थान के प्राचार्य  शंकर वराठे ने अतिथियों एवं छात्रों का स्वागत करते हुए बताया कि 1998 से यह संस्थान तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिचयात्मक कार्यक्रम सिर्फ स्वागत का औपचारिक अवसर नहीं बल्कि विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से परिचित कराने और उनमें टीमवर्क, मित्रता एवं सहयोग की भावना विकसित करने का माध्यम है।

कार्यक्रम दो सप्ताह तक चलेगा, जिसमें साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, प्राथमिक चिकित्सा, उद्यमिता, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, शासन की योजनाओं की जानकारी, नवाचार एवं प्रोफेशनल एथिक्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सत्र आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन अंशु प्रीति कुजूर, व्याख्याता (रसायन) ने किया। इस अवसर पर संस्था के शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ की उपस्थिति रही। अंत में प्राचार्य ने अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं पुष्प भेंटकर आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page