कलेक्टर ने ग्राम संडी के महिला दुग्ध उत्पादक समिति का किया निरीक्षण, ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक प्रगति को बताया प्रेरणास्पद

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़, 29 मई 2025 –
जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आज विकासखंड छुईखदान के ग्राम संडी में माँ बम्लेश्वरी महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति मर्यादित का भ्रमण कर समिति की कार्यप्रणाली और ग्रामीण महिलाओं की सहभागिता की सराहना की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल भी उपस्थित रहे।

इस दौरान स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं समिति के सदस्यों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि समिति की स्थापना वर्ष 2015 में की गई थी। देवभोग कंपनी द्वारा 1000 लीटर क्षमता वाला चिलिंग प्लांट उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन लगभग 200 महिला किसान दूध का संग्रहण और विक्रय करती हैं। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 500 लीटर दूध की बिक्री हो रही है, जिसके बदले किसानों को ₹35 प्रति लीटर की दर से भुगतान किया जाता है। इससे महिलाओं की मासिक आय ₹3000 से ₹5000 तक पहुंच रही है।
ग्राम की महिलाओं ने बताया कि वे उन्नत नस्ल की गायों – जैसे जर्सी, साहीवाल, एचएफ, लाल सिंधी और देशी गायों – का पालन कर रही हैं। महिलाओं ने दुग्ध क्रय केंद्र संचालन और पशु आहार प्रबंधन के लिए शासकीय भवन की मांग भी रखी, जिस पर कलेक्टर चंद्रवाल ने आवश्यक कार्रवाई कर सहायता का आश्वासन दिया।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर एवं अधिकारियों ने महिला पशुपालक श्रीमती माधुरी जंघेल के घर जाकर उन्नत नस्ल की गायों का निरीक्षण किया। श्रीमती जंघेल ने जानकारी दी कि उनके पास 7 गायें (5 उन्नत नस्ल व 2 देशी) हैं और वह प्रतिदिन लगभग 33 लीटर दूध का उत्पादन करती हैं। दूध विक्रय से प्रतिदिन लगभग ₹800 की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है, जिससे उनकी मासिक आमदनी ₹20,000 के करीब पहुँच रही है।
इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने उनके घर में स्थापित गोबर गैस संयंत्र का भी निरीक्षण किया। यह संयंत्र देवभोग कंपनी द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराया गया है और पिछले सात वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। इससे परिवार को घरेलू ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति होती है, साथ ही गोबर खाद भी तैयार की जाती है।