कलेक्टर ने ग्राम बफरा व जालबांधा में स्कूल अधोसंरचना कार्यों का किया निरीक्षण


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी

धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, गुणवत्ता व समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने दिए निर्देश
खैरागढ़, 24 दिसंबर 2025//
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल द्वारा आज जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई अंतर्गत जनपद पंचायत खैरागढ़ के ग्राम बफरा एवं जालबांधा का निरीक्षण भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में संचालित अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम बफरा स्थित माध्यमिक शाला में मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना अंतर्गत निर्मित 03 अतिरिक्त कक्षों (स्वीकृत राशि 24.30 लाख रुपये) के कार्य को गुणवत्तापूर्ण पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेहतर अधोसंरचना से विद्यार्थियों को अनुकूल एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होता है।
वहीं ग्राम बफरा के प्राथमिक शाला में निर्माणाधीन 02 अतिरिक्त कक्षों (स्वीकृत राशि 16.20 लाख रुपये) के कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात ग्राम जालबांधा में पीएम श्री योजना अंतर्गत स्वीकृत 04 प्रयोगशाला कक्षों (प्रति कक्ष स्वीकृत राशि 07.63 लाख रुपये) का निरीक्षण किया गया, जहां कॉलम निर्माण कार्य प्रगतिरत पाया गया। कलेक्टर ने कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि भवन समय पर पूर्ण किया जा सके। साथ ही पुस्तकालय कक्ष (स्वीकृत राशि 09 लाख रुपये) का निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं होने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, जनप्रतिनिधि, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


