G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कलेक्टर ने जिले के सभी धान खरीदी केंद्र में धान के स्टैकिंग की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने किया धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण

धान खरीदी केंद्र में धान का उठाव लगातार जारी, 74155 मेट्रिक टन धान का हुआ उठाव

     कवर्धा, 26 दिसंबर 2024। किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिले में संचालित सभी 108 धान खरीदी केंद्रों पर प्रशासन की ओर से विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सोमवार को कवर्धा विकासखंड के ग्राम बीरकोन स्थित धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री वर्मा ने केंद्र में उपलब्ध स्थान और धान के उठाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को धान के स्टैकिंग की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि स्थान की कमी न हो और धान का उठाव नियमित रूप से होता रहे। उन्होंने धान के उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि निरंतर धान का उठाव सुनिश्चित करने से किसानों की परेशानी कम होगी और खरीदी प्रक्रिया निर्बाध रूप से जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
     कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को धान की खरीदी और उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं होनी चाहिए और किसानों को अपने धान की बिक्री में आसानी होनी चाहिए। कलेक्टर ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि धान का उठाव तेजी से हो, ताकि केंद्र पर जगह की कमी न हो और नई फसल की खरीदी लगातार चलती रहे। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र पर तौल मशीन, बारदानों की उपलब्धता, और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर धान खरीदी के संबंध में जानकारी ली। चर्चा के दौरान किसानों ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया पहले की तुलना में अब बेहतर हो रही है। तौल और भुगतान में सुधार से उन्हें राहत मिली है। कलेक्टर ने कहा कि धान उठाव में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही उन्होंने खाद्य विभाग और विपणन अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित करें।
          कलेक्टर ने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य और त्वरित भुगतान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। कवर्धा जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है, और प्रशासन की तत्परता से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को कोई असुविधा न हो। खाद्य अधिकारी श्री सचिन मरकाम ने कलेक्टर को जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम बिरकोना के उपार्जन केंद्र में अब तक 9253 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इस प्रक्रिया में 256 किसानों ने अपना धान बेचा है। इन किसानों को अब तक 1 करोड़ 50 लाख 55 हजार रुपए का भुगतान किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र में धान खरीदी के लिए बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था है, और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। इस दौरान जिला खाद्य अधिकारी श्री सचिन मरकाम, उप पंजीयक सहकारी श्री सतीष पाटले, नोडल अधिकारी श्री आरपी मिश्रा, डीएमओं श्री किशोर चंद्रा उपस्थित थे।

जिले में 70 हजार 670 किसानों से कुल 3,26,689 मेट्रिक टन धान की हुई खरीदी

   खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान खरीदी महापर्व अंतर्गत शासन द्वारा किसानों के धान की खरीदी अभियान तेजी से प्रगति पर है। 14 नवंबर 2024 से प्रारंभ हुए इस अभियान में अब तक  70 हजार 670 किसानों से कुल 3,26,689 मेट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। जिले में मिलर्स द्वारा 24163 मेट्रिक टन एवं संग्रहण केंद्र के परिवहनकर्ताओं द्वारा 49992 मेट्रिक टन धान का उठाव हुआ है। इस प्रकार कुल 74155 मेट्रिक टन धान का उठाव उपार्जन केंद्रों से हो चुका है। जिले में  59801 मैट्रिक टन धान का डी ओ और 90032 मैट्रिक टन टी ओ जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page