शिशु संरक्षण माह 17 मार्च से 21 अप्रैल तक, बच्चों को मिलेगी विटामिन-ए व आयरन सिरप

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा, किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीका
खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में शिशु संरक्षण माह (SSM) एवं एचपीवी टीकाकरण विषय पर जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि जिले में शिशु संरक्षण माह 17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 9 माह से 59 माह तक के बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाया जाएगा तथा 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को आयरन एवं फोलिक एसिड सिरप की बोतलें वितरित की जाएंगी। साथ ही ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (टीकाकरण दिवस) के दौरान सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए विटामिन-ए अनुपूरक, आईएफए सिरप वितरण, एनीमिया स्क्रीनिंग एवं स्तनपान संबंधी गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। पंचायत एवं नगरीय निकायों को प्रचार-प्रसार में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को बच्चों की लाइन लिस्ट तैयार कर आंगनबाड़ी केंद्र तक बच्चों को लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की भी विस्तार से समीक्षा की गई। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीका लगाया जा रहा है, जिसका शुभारंभ 14 मार्च 2026 से सिविल अस्पताल खैरागढ़ में किया गया है। जिन बालिकाओं की आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और 15 वर्ष पूर्ण नहीं हुई है, उन्हें यह टीका लगाया जाएगा। शिक्षा विभाग को 16 जून 2011 से 17 जून 2012 के बीच जन्मी बालिकाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही महिला शिक्षकों, मितानिन एवं स्व सहायता समूहों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने, बालिका छात्रावासों में शिविर आयोजित करने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
