G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAखास-खबर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को दी 611 करोड़ से अधिक की विकास सौगात

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

71 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण – स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, जल संसाधन और प्रशासनिक ढाँचे को मिलेगा नया आयाम

खैरागढ़, 13 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने बुधवार को खैरागढ़ प्रवास के दौरान ग्राम पिपरिया में आयोजित भव्य भूमिपूजन, लोकार्पण एवं हितग्राही सम्मान समारोह में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले को 611 करोड़ 21 लाख रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 470 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत के 18 कार्यों का भूमिपूजन तथा 140 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत के 53 कार्यों का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद  संतोष पांडेय, खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका ताम्रकार, उपाध्यक्ष  विक्रांत सिंह, कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रावल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और हजारों की संख्या में आमजन मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन से हुई और इस दौरान जिले का थीम सॉन्ग भी विमोचित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पूर्व जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया, जिनमें कृषि, उद्यानिकी, लोक निर्माण, पंचायत सहित अन्य विभागों की योजनाएं और उपलब्धियां प्रदर्शित थीं। उन्होंने प्रत्येक स्टाल पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली, पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किया और योजनाओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन जिले के लिए विकास की नई इबारत लिखने वाला है। हमारी प्राथमिकता है कि विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और इसका लाभ लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” मंत्र को दोहराते हुए प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता पर बल दिया।

भूमिपूजन के प्रमुख कार्य
स्वास्थ्य और प्रशासनिक ढाँचे को सुदृढ़ करने के लिए सीजीएमएससी के अंतर्गत 3,800 लाख रुपये में 200 बिस्तर अस्पताल, 1,875.58 लाख में संयुक्त जिला कार्यालय भवन, 195.60 लाख में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भवन, 30 लाख में जिला क्षय रोग केंद्र एवं औषधि भंडार भवन, 74.59 लाख में जिला पशुधन विकास कार्यालय भवन तथा 71.12 लाख में साल्हेवारा में नवीन तहसील भवन का निर्माण होगा।

सड़क निर्माण में 9,048 लाख रुपये से राजनांदगांव–कवर्धा–पोंडी मार्ग (30.40 किमी) का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, 186.72 लाख में सरोधी–बिपतपुर–समनापुर मार्ग, 197.82 लाख में रामपुर–बैगा–साल्हेवारा मार्ग तथा 512.59 लाख में छिंदारी–देवारर्चा–झिरिया मार्ग का निर्माण प्रस्तावित है।

जल संसाधन के अंतर्गत 24,277 लाख रुपये से लमती फीडर जलाशय योजना, 4,721.04 लाख में आमनेर नदी वियर, बांध एवं अंडरग्राउंड बैरल (कमठा), 1,309.17 लाख में भेंढ़रा जलाशय नहर रिमॉडेलिंग, 231.86 लाख में सलौनी जलाशय शीर्ष कार्य व नहर लाइनिंग तथा गाड़ाघाट और सुरही जलाशयों के रिमॉडेलिंग कार्य क्रमशः 209.85 लाख और 184.84 लाख रुपये में होंगे।

लोकार्पण के प्रमुख कार्य
स्वास्थ्य सुविधाओं के अंतर्गत छुईखदान और गंडई में 50-बिस्तर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (प्रत्येक 100 लाख), छुईखदान ब्लड बैंक भवन नवीनीकरण (30.74 लाख), टिकरापारा, अमलीपारा और अमलीड़ीह खुर्द में शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (हमर क्लिनिक) भवन (प्रत्येक 25 लाख) तथा खैरागढ़ सिविल अस्पताल में 3 मशीन सहित डायलिसिस इकाई (30 लाख) का लोकार्पण किया गया।

सड़क परियोजनाओं में ठाकुरटोला–लावातारा मार्ग (9 किमी पुल-पुलिया सहित) 2,398.04 लाख, अतरिया–दनिया मार्ग (8.5 किमी) 2,254.06 लाख, प्रकाशपुर–डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग–मां भवानी मंदिर प्रांगण तक चौड़ीकरण (431.31 लाख) और रगरा–खपरी (109.34 लाख), सोनपुरी–भीमपुरी (243.39 लाख), दिलीपपुर–कांचरी (289.72 लाख) सहित कई ग्रामीण मार्गों का लोकार्पण किया गया।

शिक्षा क्षेत्र में साल्हेवारा में अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निर्माण एवं रेनोवेशन (125.91 लाख) तथा साल्हेवारा और बकरकट्टा में 50-सीटर आदिवासी कन्या छात्रावास (प्रत्येक 152.97 लाख) का लोकार्पण हुआ।

जल संसाधन के अंतर्गत पदमावतीपुर, खैरी, अमलीड़ीह रपटा, पिपरिया नाला स्टापडेम, तीनपुलिया जलाशय, ठाकुरटोला व्यपवर्तन योजना, सुरही नदी गोकना एनीकट, अमदनिया डायवर्ज़न योजना सहित कई परियोजनाओं के रिमॉडेलिंग, लाइनिंग और निर्माण कार्य 178.21 लाख से 1,109.27 लाख रुपये की लागत से पूरे किए गए। इसके अलावा गाड़ाघाट सोलर पंप आधारित नल जल योजना (49.51 लाख), तुलसीपुर सिंगल विलेज योजना (68.04 लाख), लिमो रेट्रोफिटिंग (63.67 लाख), भूरभूसी रेट्रोफिटिंग (92.98 लाख) और जिला पंचायत संसाधन केंद्र (200 लाख) का भी लोकार्पण हुआ।

कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल था। आमजन ने इस दिन को जिले के विकास इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से आने वाले वर्षों में क्षेत्र की तस्वीर और तक़दीर दोनों बदलेंगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page