ChhattisgarhINDIAखास-खबर

छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025-26 : 25 वर्षों की विकास यात्रा का उत्सव शुरू, तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़, 19 जुलाई 2025//
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के गौरवमयी अवसर पर रजत जयंती वर्ष 2025-26 को ऐतिहासिक और स्मरणीय रूप में मनाने हेतु सभी विभागों की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में कलेक्टर  इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के द्वारा रजत जयंती वर्ष के आयोजन हेतु प्रस्तावित गतिविधियों, रूपरेखा, समयबद्ध कार्यक्रमों और संभावित सहभागी हितग्राहियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। यह आयोजन 15 अगस्त 2025 से 31 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें राज्य के कोने-कोने में विभागीय कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा : अब CG@50 की ओर

बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य ने अपनी स्थापना वर्ष 2000 से लेकर अब तक विकास के हर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। संस्कृति, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण, वन अधिकार एवं औद्योगिक विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में राज्य ने खुद को देश में एक विशिष्ट पहचान दी है। उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष न केवल उत्सव का समय है, बल्कि यह आत्मावलोकन एवं भावी संकल्पों का भी अवसर है। वर्ष 2050 तक के भावी छत्तीसगढ़, यानी CG@50 के निर्माण की दिशा में प्रदेशवासियों को जागरूक और प्रेरित करने का यह सशक्त मंच है।

विशेष सप्ताह का आयोजन, सभी विभाग निभाएंगे भागीदारी

प्रत्येक विभाग को यह निर्देश दिए गए है कि वे 25 वर्षों की अपनी विभागीय यात्रा को प्रदर्शित करते हुए एक विशेष सप्ताह का आयोजन करें। इसमें विभाग की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाया जाएगा।

हर कार्यक्रम में युवा, महिलाएं, किसान, श्रमिक, विद्यार्थी, उद्यमी और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इन आयोजनों को स्थानीय त्योहारों एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ते हुए रोचक और सहभागी बनाया जाएगा।

ग्राम से लेकर राज्य स्तर तक होंगे आयोजन

रजत जयंती वर्ष के कार्यक्रमों का आयोजन ग्राम, वार्ड, विकासखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नवाचार करते हुए आयोजन की कार्ययोजना बनाएं।

कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्था, महिला मंडल, युवा समूह, खेल संघ, स्थानीय कलाकार एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

संस्कृति विभाग नोडल, समय-सीमा तय

रजत जयंती वर्ष के आयोजन के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग नियुक्त किया गया है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी योजनाओं, गतिविधियों एवं संभावित कार्यक्रमों की जानकारी शासन को अतिशीघ्र उपलब्ध करायें।

हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन और निजी क्षेत्र की भागीदारी भी होगी सुनिश्चित

बैठक में निर्देश दिए गए कि होटल, रिसॉर्ट, रेस्टोरेंट, टूर एंड ट्रेवल्स से जुड़े व्यापारियों की बैठक लेकर उन्हें भी रजत जयंती वर्ष से जोड़ा जाए। साथ ही सेवाभावी संस्थाएं, साहित्यकार, कलाकार, उद्योगपति, पेशेवर संघ, स्वयंसेवी संगठन को भी इस ऐतिहासिक आयोजन में भागीदार बनाया जाए।

छत्तीसगढ़ का गौरव और संकल्पों का उत्सव

कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य की सांस्कृतिक गरिमा, सामाजिक समरसता और विकास की कहानी को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। यह राज्य के गौरव और भविष्य का उत्सव है। समस्त विभागों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस रजत जयंती वर्ष को एक ऐतिहासिक और यादगार अवसर के रूप में मनाने में अपनी पूरी सक्रियता एवं समर्पण दिखाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page