पंच परिवर्तन से समाज सुधार एवं राष्ट्र निर्माण का आह्वान किया– अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख

23 अगस्त 2025कवर्धा,स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल, रानी दुर्गावती चौक, कवर्धा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कवर्धा जिला के संपर्क विभाग द्वारा प्रबुद्ध जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता आदित्य झा एवं मुख्य वक्ता सुनील कुलकर्णी जी, अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख रहे।

संगोष्ठी का शुभारंभ पूजा-अर्चना एवं संगठन के पदाधिकारियों के परिचय से हुआ। मुख्य अतिथि श्री झा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमें राष्ट्रवाद और सनातन की रक्षा हेतु अपने जीवन का कुछ समय अवश्य समर्पित करना चाहिए। उन्होंने संघ के कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ सेवा भाव एवं त्याग को सराहा।

मुख्य वक्ता सुनील कुलकर्णी ने अपने उद्बोधन में संघ कार्य के सौ वर्षों की यात्रा, समाज विकास में योगदान और संगठन की दृढ़ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने पंच परिवर्तन (सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, और नागरिक कर्तव्य बोध) के माध्यम से समाज सुधार एवं राष्ट्र निर्माण का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि—
सामाजिक समरसता के लिए अश्पृश्यता मिटाकर सभी वर्गों से आत्मीय संबंध स्थापित करना होगा।
कुटुंब प्रबोधन द्वारा परिवार में एकता और संवाद बढ़ाया जाए।
स्वदेशी को बढ़ावा देते हुए भोजन, भजन, भूषा, भाषा एवं भ्रमण में स्वदेशी अपनाएं।
पर्यावरण संरक्षण हेतु प्लास्टिक उपयोग कम करें, जल संरक्षण करें और वृक्षारोपण करें।
नागरिक कर्तव्य बोध को जीवन में उतारकर राष्ट्र को सशक्त बनाएं।
कार्यक्रम में जिला संघ चालक श्री दानेश्वर परिहार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।