किसान न्याय यात्रा को लेकर घुमका में आप का जनसंपर्क अभियान, किसानों से सीधा संवाद

किसान न्याय यात्रा को लेकर घुमका में आप का जनसंपर्क अभियान, किसानों से सीधा संवाद
राजनांदगांव। आम आदमी पार्टी राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र एवं जिला टीम द्वारा आज नगर पंचायत घुमका में एक महत्वपूर्ण जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर रणनीतिक चर्चा की तथा किसान न्याय यात्रा के तहत स्थानीय किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान टीम ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी प्रमुख मांगों—धान खरीदी, खाद की उपलब्धता तथा अन्य स्थानीय मुद्दों—पर विस्तार से चर्चा की। पार्टी पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। साथ ही सदस्यता अभियान को गति देने और आमजन से सीधा संपर्क बढ़ाने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया।
अभियान में प्रमुख रूप से लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी, लोकसभा संगठन मंत्री कमलेश स्वर्णकार, जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोनी, छुरिया विधानसभा प्रभारी आरिफ खान तथा डोंगरगांव विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष लालेश्वर गंदे सहित अन्य स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
घुमका में आयोजित इस जनसंपर्क कार्यक्रम को उत्साहजनक प्रतिसाद मिला। स्थानीय नागरिकों ने पार्टी की नीतियों की सराहना करते हुए भविष्य में मजबूत समर्थन देने का आश्वासन दिया।
लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी ने कहा कि किसान न्याय यात्रा के माध्यम से पार्टी गांव-गांव पहुंचकर किसानों और आम जनता की आवाज को बुलंद करेगी तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।


