G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

समनापुर में बाल विवाह रोकथाम को लेकर विशेष ग्राम सभा आयोजित, ग्रामीणों ने ली शपथ

बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने पर जोर, विवाह से पहले वर-वधू की उम्र का सत्यापन करने के निर्देश, सूचना देने के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर 1098

कवर्धा। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत समनापुर में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान सरपंच ने उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई।

ग्राम सभा में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। बताया गया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह कराने, सहयोग करने या इसमें शामिल होने वाले लोगों के विरुद्ध दो वर्ष तक के कठोर कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों का प्रावधान है।

बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर विवाह पंजी संधारित करने, विवाह से पहले वर-वधू की आयु का सत्यापन करने तथा कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि कम उम्र में विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

इस दौरान बाल विवाह मुक्त भारत एवं बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में बाल विवाह की शिकायत प्राप्त नहीं होने वाली ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा कर प्रस्ताव पारित किया गया। इसके लिए पंचायत में दीवार लेखन और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई।

कार्यक्रम के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समनापुर के विद्यार्थियों को भी बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर बाल विवाह मुक्त अभियान की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते बाल विवाह को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page