व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू LPG सिलेंडरों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग, 303 संस्थानों की सूची सरकार को सौंपी
ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन ने खाद्य विभाग, पेट्रोलियम मंत्रालय और जिला प्रशासन का ध्यान कराया आकर्षित; औचक जांच, सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाने की मांग
https://youtube.com/shorts/Ei8VNVWPJqk?si=Thhopp5Mb8eoe26i
रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में संचालित शादी हॉल, मैरिज लॉन, होटल, कैफे, ढाबों और कैटरिंग किचनों में घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडरों के कथित अवैध उपयोग का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन ने प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों से सख्त कार्रवाई की मांग की है। संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सर्वेक्षण के आधार पर प्रदेश के 303 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की एक गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पेट्रोलियम मंत्रालय तथा रायपुर जिला प्रशासन को सौंपी गई है।
https://youtube.com/shorts/d5oTYuWiWbg?si=bEDS-mStdL6CB1bt
फाउंडेशन का कहना है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम नागरिकों, कर्मचारियों और प्रतिष्ठानों में आने वाले ग्राहकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। संस्था ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से नियमित निगरानी, औचक निरीक्षण और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
https://youtube.com/shorts/AhtcWQD2oOc?si=yzUSbhUGVvyTVKX6
घरेलू सिलेंडरों के उपयोग पर सख्ती से लगे रोक
फाउंडेशन के अनुसार, एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर, 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों के इस्तेमाल की शिकायतें सामने आ रही हैं।
संस्था ने मांग की है कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तत्काल उड़नदस्तों का गठन करे। इन उड़नदस्तों के माध्यम से होटल, ढाबों, मैरिज लॉन, शादी हॉल और कैटरिंग किचनों में समय-समय पर औचक निरीक्षण कराया जाए। जांच के दौरान घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
हर प्रतिष्ठान के प्रवेश द्वार पर लगेगा जागरूकता बोर्ड
संस्था ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ग्राहकों और संचालकों को नियमों की जानकारी देने के लिए एक महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया है। इसके तहत प्रत्येक मैरिज लॉन, शादी हॉल, होटल और कैटरिंग किचन के प्रवेश द्वार पर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाया जाए।
इस बोर्ड पर लिखा हो कि यहां केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाएगा। घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग कानूनन प्रतिबंधित है। फाउंडेशन का मानना है कि इस तरह की व्यवस्था से प्रतिष्ठान संचालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अवैध उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।
‘भाई आया रे गैस सिलेंडर’ गीत से सुरक्षा के प्रति जागरूकता
गैस सिलेंडरों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और आम उपभोक्ताओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के उद्देश्य से फाउंडेशन ने ‘भाई आया रे गैस सिलेंडर’ नाम से एक विशेष जागरूकता गीत तैयार किया है। इस गीत का औपचारिक विमोचन 9 अप्रैल 2026 को पद्मश्री डॉ. विलास डांगरे के हाथों किया गया था।
इस गीत के माध्यम से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेते समय वजन की जांच, सील की स्थिति, सुरक्षा मानकों और सावधानियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है।
फाउंडेशन ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी और निजी गैस वितरण वाहनों में उपलब्ध साउंड सिस्टम के माध्यम से इस सुरक्षा गीत को बजाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। संस्था का कहना है कि गैस की होम डिलीवरी के दौरान ही उपभोक्ताओं तक सुरक्षा संबंधी संदेश पहुंचाया जा सकता है। यह गीत यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है।
पूर्व में पत्राचार के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर जताई चिंता
फाउंडेशन ने आरोप लगाया है कि इस संवेदनशील विषय को लेकर पहले भी संबंधित विभागों और प्रशासन को पत्र भेजे गए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। संस्था के अनुसार, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। ऐसे में केवल नियम बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि नियमित निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई भी जरूरी है।
303 प्रतिष्ठानों की रिपोर्ट सौंपने का दावा
फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन सोलंके ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए जमीनी सर्वेक्षण के आधार पर 303 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की गोपनीय सूची तैयार की गई है। इस रिपोर्ट को छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को सौंपा गया है।
उन्होंने कहा कि व्यावसायिक स्थानों पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। प्रशासन को तत्काल उड़नदस्तों का गठन कर जांच अभियान चलाना चाहिए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
तीन प्रमुख मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की अपील
ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन ने सरकार और प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों के उपयोग पर प्रभावी रोक, औचक निरीक्षण एवं दोषियों पर कार्रवाई तथा गैस सुरक्षा जागरूकता गीत को गैस वितरण वाहनों में बजाने के लिए प्रशासनिक निर्देश जारी करना शामिल है।
फाउंडेशन के कार्यकारी संचालक शुभम रंगारी और प्रदेश प्रमुख एवं जनसंपर्क अधिकारी सुमित चव्हाण ने कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रशासन को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। संस्था ने नागरिकों से भी उपभोक्ता जागरूकता और जनहित के कार्यों में सहभागी बनने की अपील की है।
फाउंडेशन का कहना है कि घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के निर्धारित उपयोग संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने से अवैध उपयोग पर नियंत्रण के साथ ही संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में भी मदद मिल सकती है।

