अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल साइकिल सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मऊ। गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय साइकिल सवार की मऊ जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा बुधवार देर रात करीब 10 बजे कबीरपुर के पास हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान हरिंदर प्रजापति (50), पुत्र स्वर्गीय बालेश्वर प्रजापति, निवासी बगही भोजपुर, थाना मरदह, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वह पान की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे हरिंदर अपनी दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कबीरपुर के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में मऊ जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। हालांकि, करीब एक घंटे तक चले उपचार के बाद उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना सरायलखंसी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
इस संबंध में सरायलखंसी थाना अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस घटना की जांच कर रही है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


