रावण दहन स्थल दसई पोखरा से सदर चौक तक सफाई अभियान, नगर पालिका के कर्मचारी जुटे

अभिनव पहल मऊ। त्योहारों और आयोजनों को देखते हुए नगर पालिका परिषद मऊ की ओर से शहर में साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। गोला बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल से सदर चौक तक और सदर चौक से रामगोपाल खंडवाला के मोड़ तक नगर पालिका के कर्मचारी झाड़ू लगाकर कूड़ा उठा रहे हैं। साथ ही मार्गों पर चूने का छिड़काव भी किया जा रहा है।

नगर पालिका के सेक्टर नंबर-6, सदर चौक के सफाई नायक अली अहमद के नेतृत्व में कर्मचारी सफाई कार्य में जुटे हैं। वहीं, रावण दहन स्थल दसई पोखरा पर भी विशेष सफाई कराई जा रही है। यहां मैदान की घास काटने, झाड़ू लगाने और कूड़ा उठाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि आयोजन के दौरान स्थल स्वच्छ और व्यवस्थित रहे।
रामलीला कमेटी के महामंत्री ने किया निरीक्षण
दसई पोखरा स्थित रावण दहन स्थल पर चल रहे सफाई कार्य का रामलीला कमेटी के महामंत्री संजय वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई एवं खाद निरीक्षक सत्य प्रकाश, लाइट इंस्पेक्टर बाबू अमित सिंह, सफाई नायक अली अहमद सहित नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर पालिका की ओर से सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रावण दहन स्थल की साफ-सफाई और मार्गों पर चूने का छिड़काव होने से आयोजन के दौरान आने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

