G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
BIG NewsChhattisgarhINDIAKabirdham

देवी खप्पर यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, 7 सेक्टरों में बंटा कवर्धा; ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

19-20 अक्टूबर की दरम्यानी रात निकलेगी तीन मंदिरों से खप्पर यात्रा, कोतवाली में सैकड़ों जवान रिजर्व में रहेंगे तैनात

कवर्धा। कवर्धा में पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कबीरधाम पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। 19 और 20 अक्टूबर की दरम्यानी रात मां दंतेश्वरी, मां परमेश्वरी और मां चंडी मंदिर से खप्पर यात्रा निकलेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर को 7 सेक्टरों में बांटकर पुलिस अधिकारियों और जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीनों मंदिरों से निकलने वाली यात्राओं के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें और पेट्रोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं।

ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

यात्रा मार्ग, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। पुलिस की विशेष टीम फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करेगी। जिला विशेष शाखा सूचना संकलन करेगी, जबकि पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से तैनात जवानों के बीच समन्वय बनाए रखा जाएगा।

प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात रहेंगे जवान

एकता चौक, जयस्तंभ चौक, गायत्री मंदिर चौक, महामाया मंदिर चौक और राजमहल चौक पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रस्सा पार्टी तैनात रहेगी। वहीं, सिग्नल चौक और महामाया मंदिर चौक पर पेट्रोलिंग पार्टियां सक्रिय रहेंगी। एकता चौक और राजमहल चौक पर बोल्ड एक्शन पार्टी की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

चार प्रमुख मार्गों पर भी रहेगी नजर

बिलासपुर, राजनांदगांव, रायपुर और भोरमदेव मार्ग पर आउटर पेट्रोलिंग एवं हाईवे पेट्रोलिंग लगातार सक्रिय रहेगी। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर निगरानी के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए थाना सिटी कोतवाली में सैकड़ों की संख्या में रिजर्व पुलिस बल स्टैंडबाय पर रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर जवानों को तत्काल संबंधित स्थान पर भेजा जाएगा।

यातायात व्यवस्था में हो सकता है बदलाव

खप्पर यात्रा के दौरान भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है। जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्ट भी किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से यात्रा मार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

कबीरधाम पुलिस ने श्रद्धालुओं, आयोजन समितियों और नागरिकों से धार्मिक आयोजन की गरिमा बनाए रखने तथा शांति, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ सहभागी बनने की अपील की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी प्रसारित नहीं करने की भी हिदायत दी है।

पुलिस के अनुसार, यात्रा के दौरान धार्मिक भावनाएं भड़काने, अफवाह फैलाने, श्रद्धालुओं को परेशान करने या कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तथ्यों और परिस्थितियों के अनुरूप वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम नागरिकों से सहयोग मांगा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page