G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
BIG NewsChhattisgarhINDIAKabirdham

पीएम आवास के नाम पर 9 बैगा हितग्राहियों से 5.09 लाख की वसूली, दो ठेकेदारों पर एफआईआर

डेढ़ साल बाद भी नहीं बने मकान, राशि वापस नहीं मिलने पर हितग्राहियों ने की शिकायत; विजय शर्मा बोले- गरीबों के हक से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

कवर्धा। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान बनाने के नाम पर बैगा जनजाति के 9 हितग्राहियों से 5 लाख 9 हजार रुपए लेने और निर्माण कार्य नहीं कराने के मामले में दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार और आमानारा से जुड़े इन मामलों में चिल्फी और तरेगांव जंगल थाने में कार्रवाई की गई है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत राजाढ़ार के पांच हितग्राहियों से ठेकेदार कुमार मेरावी ने आवास निर्माण के नाम पर 3 लाख 20 हजार रुपए लिए थे। इनमें देवसिंह, मंधोर बाई और पुसीया बाई से 60-60 हजार रुपए, कौशिल्या बाई से 80 हजार रुपए और ननकी बाई से 60 हजार रुपए लेने की शिकायत है। आरोप है कि करीब डेढ़ साल बीतने के बाद भी मकान नहीं बनाए गए और हितग्राहियों की राशि भी वापस नहीं की गई। शिकायत के आधार पर 14 अक्टूबर को चिल्फी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

आमानारा के चार हितग्राही भी हुए प्रभावित

दूसरे मामले में ग्राम पंचायत आमानारा के चार हितग्राहियों से 1 लाख 89 हजार रुपए लेने की शिकायत सामने आई है। इसमें बैसाखू बैगा से 64 हजार रुपए, सुकोर बाई से 60 हजार रुपए, सोनिया बाई से 45 हजार रुपए और रनो बाई से 20 हजार रुपए लेने का आरोप है। इस मामले में ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को तरेगांव जंगल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

विजय शर्मा ने कहा- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि पर हितग्राहियों का अधिकार है। इस राशि का दुरुपयोग करने या गरीबों के साथ धोखाधड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आवास निर्माण में लापरवाही, अनियमितता या हितग्राहियों के शोषण का मामला सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page