G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

कांग्रेस में जाने की अटकलों मे लगा विराम,जोगी कांग्रेस ने तेज की संगठनात्मक गतिविधियां, 24 अक्टूबर को रायपुर में प्रदेश स्तरीय बैठक

2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मैदान में उतरी जनता कांग्रेस, नए सिरे से तैयार होगी संगठन की रूपरेखा

नई प्रदेश कोर कमेटी के गठन, पुराने साथियों की वापसी और संगठन विस्तार पर होगा मंथन – सुनील केशरवानी

रायपुर – छत्तीसगढ़ की राजनीति में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कांग्रेस में विलय अथवा पार्टी नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों के बीच जोगी कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह बैठक 24 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे जोगी निवास, सिविल लाइन, रायपुर में आयोजित होगी।

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजन संयोजक समिति के सदस्य सुनील केशरवानी ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के निर्देशानुसार संगठन के पुनर्गठन, नई प्रदेश कोर कमेटी के गठन, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जा रहा है।

पुराने साथियों को फिर एक मंच पर लाने की तैयारी

सुनील केशरवानी ने बताया कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से जुड़े रहे पुराने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पुनः एक मंच पर लाने की पहल की जा रही है। पार्टी के ऐसे साथी जो वर्तमान में संगठन में सक्रिय हैं, साथ ही वे पुराने साथी जो किसी कारणवश संगठनात्मक गतिविधियों से दूर हो गए हैं, उनसे भी संपर्क स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी सक्रिय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में पुराने और नए साथियों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें प्रदेश स्तरीय बैठक की जानकारी दें, ताकि संगठन के भविष्य की रूपरेखा पर व्यापक विचार-विमर्श हो सके।

नई कोर कमेटी और जिला स्तर तक संगठन विस्तार पर चर्चा

केशरवानी ने बताया कि बैठक में प्रदेश स्तर पर नई कोर कमेटी के गठन, जिलों में संगठन को पुनर्गठित करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने तथा प्रदेश से लेकर जिला और ब्लॉक स्तर तक समन्वय व्यवस्था विकसित करने पर विचार किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त आगामी राजनीतिक एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की रणनीति, संगठन की वर्तमान स्थिति और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा प्रस्तावित है।

कांग्रेस में जाने की चर्चाओं के बीच संगठन की बैठक महत्वपूर्ण

पिछले कुछ समय से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के राजनीतिक भविष्य और कांग्रेस के साथ संभावित जुड़ाव को लेकर विभिन्न चर्चाएं सामने आती रही हैं। ऐसे समय में पार्टी द्वारा प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक बुलाए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि पार्टी के विलय अथवा किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ गठबंधन को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होना बाकी है, लेकिन आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की घोषणा से यह संकेत मिलता है कि जनता कांग्रेस अपने संगठन की आगामी कार्ययोजना तैयार करने में जुटी है।

कार्यकर्ताओं की राय से तैयार होगी आगामी रणनीति – केशरवानी

सुनील केशरवानी ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी से जुड़े पुराने एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं के अनुभव, सुझाव और विचारों को महत्व देते हुए आगामी संगठनात्मक रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन की मजबूती, नए नेतृत्व को अवसर देने, कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ाने तथा छत्तीसगढ़ के जनहित से जुड़े मुद्दों पर आगामी कार्यक्रम निर्धारित करने जैसे विषय प्रमुखता से रखे जाएंगे।

केशरवानी ने बताया कि 24 अक्टूबर की बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों के सक्रिय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए 24 सदस्यीय प्रदेश स्तरीय आयोजन संयोजक समिति गठित की गई है।

उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन के पुनर्गठन के साथ-साथ आगामी राजनीतिक गतिविधियों की दिशा तय करने के लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए जाएंगे।

उन्होंने प्रदेश के सभी पुराने एवं वर्तमान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे जोगी निवास, सिविल लाइन, रायपुर में आयोजित बैठक में उपस्थित होकर संगठनात्मक चर्चा में भाग लेने की अपील किया।

सुनील केशरवानी
सदस्य, प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजन संयोजक समिति
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे)
जिला कबीरधाम, छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page