फेसबुक पर अश्लील टिप्पणी और शिकायतकर्ता को धमकी देने का आरोप, युवक जेल भेजा गया

उप मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर अभद्र टिप्पणी करने की शिकायत; कवर्धा सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
कवर्धा। सोशल मीडिया पर कथित अश्लील एवं अभद्र टिप्पणी प्रसारित करने और शिकायतकर्ता को धमकी देने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 23 वर्षीय युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को ठाकुरपारा निवासी अजय सिंह ठाकुर (33) ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक फेसबुक आईडी के माध्यम से उप मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर अश्लील एवं अभद्र टिप्पणियां की जा रही थीं।
पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता को धमकी देने का आरोप
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर पूछताछ की। आरोपी की पहचान सलमान अली खान (23), निवासी लोहारा नाका, झंडा चौक, कवर्धा के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी आक्रोशित हो गया और शिकायतकर्ता को देख लेने की धमकी देते हुए चिल्लाने लगा। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित संज्ञेय अपराध की रोकथाम के लिए आरोपी के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की। इसके साथ ही धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक इस्तगाशा तैयार किया गया।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित अश्लील एवं अभद्र टिप्पणी प्रसारित करने के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग मर्यादित एवं जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, किसी व्यक्ति या सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति के संबंध में अश्लील, अभद्र अथवा आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा एवं पुलिस टीम की भूमिका रही।

