G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
BIG NewsChhattisgarhINDIAKabirdham

सोशल मीडिया पर यादव समाज के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया

दही हांडी कार्यक्रम को लेकर भ्रामक टिप्पणी प्रसारित करने की शिकायत; शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका पर पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कवर्धा। सोशल मीडिया पर सर्व यादव समाज के खिलाफ कथित भ्रामक टिप्पणी प्रसारित करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी करन साहू के विरुद्ध कार्रवाई की है। समाज के पदाधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं, थाने में हंगामा करने और मारपीट पर आमादा होने की आशंका के चलते आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को सर्व यादव समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 5 सितंबर 2026 को कवर्धा शहर में समाज की ओर से दही हांडी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि करन साहू ने इस कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर समाज की दही हांडी टोली के युवाओं और अन्य लोगों के संबंध में शराब के नशे में कार्यक्रम आयोजित करने संबंधी टिप्पणी प्रसारित की, जिससे समाज की छवि धूमिल हुई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 461/2026, धारा 299 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

गवाहों के सामने हंगामा करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को विवेचना के दौरान आरोपी गवाहों के सामने आक्रोशित होकर चिल्लाने लगा। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता को देख लेने की धमकी दी और पुलिस की समझाइश के बावजूद दोबारा हंगामा करते हुए मारपीट पर आमादा हो गया। इससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की। इसके अलावा धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक इस्तगाशा तैयार कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

आरोपी की पहचान करन साहू, पिता बिसौहा साहू, उम्र 24 वर्ष, निवासी राजमहल कॉलोनी, कवर्धा, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है।

सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी समाज या समुदाय के संबंध में भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा तथ्यहीन टिप्पणियां प्रसारित न करें। सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page