G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

एसडीएम कार्यालय से महज 100 मीटर दूर सड़क हादसे में गोवंश की मौत, व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश

बोड़ला में नहीं थम रहा सड़क हादसों में गोवंश की मौत का सिलसिला, तीन दिन पहले 8 गोवंश की मौत के बाद फिर हादसा

बोड़ला। नगर में सड़क हादसों में गोवंश की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को नगर के एसडीएम कार्यालय से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर एक गोवंश की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क किनारे पड़े मृत गोवंश को देखकर नगरवासियों में एक बार फिर नाराजगी देखने को मिली।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर में सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जिम्मेदार विभागों द्वारा मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा सड़क पर उनकी आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं किए जाने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।

तीन दिन पहले 8 गोवंश की हुई थी मौत

गौरतलब है कि करीब तीन दिन पहले भी बोड़ला क्षेत्र में सड़क हादसे में एक साथ 8 गोवंश की मौत हो गई थी। घटना के बाद गोसेवकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। गोसेवकों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए जाम भी किया था और जिम्मेदारों से व्यवस्था में सुधार की मांग की थी। उस घटना के कुछ ही दिनों बाद फिर एक गोवंश की सड़क हादसे में मौत होने से नगर में नाराजगी और बढ़ गई है।

नगर पंचायत और जिम्मेदार विभागों पर उठ रहे सवाल

नगरवासियों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद नगर पंचायत, संबंधित जिम्मेदार विभागों और जनप्रतिनिधियों द्वारा समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि सड़क पर खुलेआम घूमने वाले गो वंशो को दुर्घटना से बचाने के लिए सुरक्षा के इंतजामों को लेकर लापरवाही बरती जा रही है।

लोगों का कहना है कि जब प्रशासनिक कार्यालयों के आसपास भी गोवंश सुरक्षित नहीं हैं, तो नगर के अन्य हिस्सों में स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। लगातार हो रही घटनाएं न केवल गोवंश के लिए खतरा हैं, बल्कि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।

बड़ा हादसा होने का इंतजार न करे प्रशासन”

नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर घूमने वाले गोवंश को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए तथा पूर्व में हुई घटनाओं के बाद दिए गए आश्वासनों पर भी अमल किया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और सड़क हादसों में गोवंश की मौत का सिलसिला नहीं रुका तो नगर में कभी भी बड़ा प्रदर्शन हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय अभी से ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि गोवंश के साथ-साथ राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page