चिल्फी बॉर्डर पर कंटेनर के गुप्त चेंबर से 4.47 क्विंटल गांजा जब्त

2.23 करोड़ का गांजा, ट्रक और मोबाइल समेत 2.50 करोड़ का मशरूका जब्त; पंजाब का अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
कवर्धा/चिल्फी। चिल्फी बॉर्डर पर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन के आरोप में पंजाब निवासी बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। ट्रक और मोबाइल फोन समेत कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को चिल्फी थाना पुलिस एनएच-30 पर थाना परिसर के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे कंटेनर ट्रक को रोककर जांच की गई। चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पूछताछ की गई। उसकी पहचान बलजीत सिंह पिता रवेल सिंह, निवासी पट्टी सरा दी गांव चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई।
ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था गुप्त चेंबर
पुलिस ने कंटेनर की विधिवत तलाशी ली तो ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर का पता चला। इसमें खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेटों में गांजा छिपाकर रखा गया था। वजन कराने पर कुल 447 किलो 445 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 हजार रुपए कीमत का मोबाइल और गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक भी जब्त किया है।
आईजी ने पुलिस टीम को दिए 25 हजार रुपए
कार्रवाई की सराहना करते हुए राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस और चिल्फी थाना टीम को 25 हजार रुपए नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस टीम की सतर्कता और तत्परता की सराहना करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। एएनटीएफ टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार व अमित पटेल के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी प्रशांत देवांगन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में की गई। टीम में एएसआई बीरबल साहू, आरक्षक सुनील मरावी, जितेंद्र चन्द्रवंशी, पंकज यादव, दिलीप जायसवाल सहित चिल्फी थाना पुलिस और एएनटीएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


