अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर बीजापुर में होगी ‘रन फॉर इंद्रावती’ मैराथन

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर बीजापुर में होगी ‘रन फॉर इंद्रावती’ मैराथन
बाघ और वन्यजीव संरक्षण के समर्थन में दौड़ेंगे युवा, विद्यार्थी और नागरिक
रायपुर, 25 जुलाई 2026। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर 29 जुलाई को बीजापुर में ‘रन फॉर इंद्रावती’ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाघ, वन्यजीव, जैव विविधता और प्रकृति संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
आयोजकों के अनुसार यह मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व और उसकी समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण के लिए जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगी।
दो श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता
मैराथन का आयोजन 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दो श्रेणियों में किया जाएगा। पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।
10 किलोमीटर दौड़
- प्रथम पुरस्कार – 7 हजार रुपये
- द्वितीय पुरस्कार – 5 हजार रुपये
- तृतीय पुरस्कार – 4 हजार रुपये
5 किलोमीटर दौड़
- प्रथम पुरस्कार – 5 हजार रुपये
- द्वितीय पुरस्कार – 4 हजार रुपये
- तृतीय पुरस्कार – 3 हजार रुपये
ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य
प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
सुबह 7 बजे होगी शुरुआत
‘रन फॉर इंद्रावती’ मैराथन 29 जुलाई को सुबह 7 बजे इंदिरा स्टेडियम, बीजापुर से शुरू होगी। प्रतिभागियों को चेस्ट नंबर का वितरण सुबह 5:30 बजे से 6:30 बजे तक किया जाएगा।
आयोजकों ने प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, वन्यजीव प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर बाघों, वन्यजीवों और प्रकृति संरक्षण के इस जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने की अपील की है।




