G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

स्वस्थ माताएं, स्वस्थ बच्चे और कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए बनेगी समन्वित रणनीति

स्वस्थ माताएं, स्वस्थ बच्चे और कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए बनेगी समन्वित रणनीति

यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से सभी संबंधित विभाग तैयार करेंगे प्रभावी कार्ययोजना

स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 22 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करने, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के समग्र विकास के लिए एक समन्वित रणनीति तैयार की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार के संबंधित विभाग यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से प्रभावी कार्ययोजना बनाएंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों के पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इन क्षेत्रों में स्थायी सुधार के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और साझा प्रयास जरूरी हैं।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे पोषण योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आदिम जाति विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से एक ऐसी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे—

  • शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
  • मातृ मृत्यु दर को कम किया जा सके।
  • कुपोषण उन्मूलन की दिशा में प्रभावी परिणाम प्राप्त हो सकें।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब सभी विभाग साझा लक्ष्य और समन्वित कार्यप्रणाली के साथ कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मल्टी-सेक्टोरल रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके और बच्चों के पोषण स्तर में गुणात्मक सुधार हो।

यूनिसेफ प्रतिनिधि ने छत्तीसगढ़ के प्रयासों की सराहना की

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे का शॉल और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक ‘नंदी’ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

वहीं सिंथिया मैककैफ्रे ने भारत में यूनिसेफ के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को भेंट किया।

यूनिसेफ प्रतिनिधि ने मुख्यमंत्री का “जय जोहार” कहकर अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और सरल-सहज लोगों का प्रदेश है। उन्होंने बताया कि यूनिसेफ लंबे समय से राज्य सरकार के साथ मिलकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और यूनिसेफ के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ के बच्चों का भविष्य अधिक सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध बनेगा।

बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ में यूनिसेफ की प्रमुख सीमा कुमार, अनिल गुलाटी एवं डॉ. बाल पारितोष दास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page