G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित युवाओं से मिले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का दिया संदेश

अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित युवाओं से मिले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का दिया संदेश

रायपुर, 21 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम है तथा इस जिम्मेदारी का निर्वहन संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समर्पण के साथ किया जाना चाहिए।

उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि लोगों की सेवा का अवसर ईश्वर का आशीर्वाद और समाज का विश्वास है। इस अवसर का उपयोग आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और प्रदेश के समग्र विकास के लिए करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना से छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम योगदान देंगे।

इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

मुलाकात के दौरान अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों सुष्मिता सिंह, वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, रौनक अग्रवाल, अजय गुप्ता, अंकित सकनी, डायमंड ध्रुव और संजय डहरिया सहित उनके परिजन भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page