G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

मोदी की गारंटी, सुशासन और जनकल्याण से बदल रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन में सामाजिक भवन का लोकार्पण, रायपुर में नए भवन के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा

रायपुर, 19 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास, किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण, पारदर्शी सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में अधिकांश मोदी गारंटियों को पूरा कर जनता का विश्वास मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के ग्राम बरौदा में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन एवं सामाजिक भवन लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रायपुर में झेरिया यादव समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की तथा ग्राम बरौदा में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यादव समाज भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और गौ-सेवा की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने वाला यह समाज धर्म, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है तथा ऐसे सामाजिक सम्मेलन सामाजिक एकता को नई दिशा देते हैं।

मोदी की गारंटियों को पूरा करने में अग्रणी राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। विशेष पिछड़ी जनजातियों (पीवीटीजी) के लिए 32 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

किसानों को मिल रहा 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी कर रही है। खेती को लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल

श्री साय ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं के खातों में हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि भेजी जा रही है। इस योजना से महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण बढ़ा है और परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिली है।

बस्तर में शांति और विकास की नई तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नक्सलवाद से प्रभावित बस्तर अब शांति और विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है तथा विकास की मुख्यधारा अंतिम गांव तक पहुंच रही है।

रामलला दर्शन योजना से आस्था को सम्मान

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मूलमंत्र के साथ कार्य कर रही है।

डिजिटल सेवाओं से आसान हुआ जनजीवन

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना की गई है। सरकारी सेवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए तेजी से डिजिटलीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक चौबीसों घंटे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए लगभग 8 हजार अधिकारी-कर्मचारियों को चार स्तरीय व्यवस्था से जोड़ा गया है। साथ ही प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं और प्रमाणपत्र एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, रामकुमार यादव, छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, भगत सिंह यादव, आशा संतोष यादव सहित समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page