छत्तीसगढ़ विधानसभा की उत्कृष्ट संसदीय परंपराओं को मिला नया आयाम, नवनिर्मित प्रेक्षागृह का हुआ लोकार्पण

रायपुर, 15 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय गरिमा और अनुशासन की उत्कृष्ट परंपराओं के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विधानसभा परिसर में नवनिर्मित प्रेक्षागृह के लोकार्पण और उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और स्वस्थ संसदीय परंपरा का जीवंत उदाहरण है।

राज्यपाल रमेन डेका ने विधानसभा परिसर में नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विधानसभा प्रदेश के विकास और जनहित के संकल्पों को साकार करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 1 नवंबर 2025 को नवीन विधानसभा भवन के लोकार्पण के बाद प्रेक्षागृह का निर्माण विधानसभा की संस्थागत क्षमता को और मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की पहली और एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां गर्भगृह में किसी विधायक के प्रवेश करते ही वे स्वतः निलंबित हो जाते हैं। उन्होंने इसे आत्मानुशासन, संसदीय मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का अनूठा उदाहरण बताया।

समारोह में उत्कृष्ट संसदीय कार्य के लिए बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं संसदीय पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए दैनिक पत्रिका के संवाददाता संतराम साहू को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार अलंकरण तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए आईबीसी-24 के सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टर अलंकरण प्रदान किया गया।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, जहां जनप्रतिनिधि लोककल्याण का पावन दायित्व निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में पक्ष और प्रतिपक्ष के बीच समन्वय, सौहार्द और सम्मान का वातावरण इसे देश की श्रेष्ठ विधानसभाओं में शामिल करता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनता के प्रति उत्तरदायी रहते हुए प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पत्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को जनता से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही और जनहित के मुद्दों को निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से जनता तक पहुंचाने में संसदीय पत्रकारों की अहम भूमिका है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नवीन प्रेक्षागृह का लोकार्पण विधानसभा के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने उत्कृष्ट संसदीय परंपराएं स्थापित कर लोकतांत्रिक मूल्यों को और सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता अलंकरण केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि संसदीय लोकतंत्र की श्रेष्ठ परंपराओं को प्रोत्साहित करने का माध्यम है।
समारोह के सांस्कृतिक आयोजन में सुप्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, विधायकगण, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



