G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया पौधरोपण

नवीन विधानसभा परिसर में लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण और हरित छत्तीसगढ़ का दिया संदेश

रायपुर, 14 जुलाई। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंगलवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत नवा रायपुर अटल नगर स्थित नवीन छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रत्येक नागरिक में अपनी माँ के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना जागृत करता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ले सकता है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नवा रायपुर को “पीपल फॉर पीपल सिटी” के रूप में विकसित करने के लिए एक लाख पीपल के पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी अभियान चलाया जा रहा है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, स्वच्छ वायु, जलवायु संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वे शुद्ध वायु, छाया, वर्षा, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सभी नागरिक “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं, उनका संरक्षण करें और हरित, स्वच्छ तथा समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page