G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे लाभ : सांसद संतोष पाण्डेय

दिशा समिति की बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं की विभागवार समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

कवर्धा, 14 जुलाई। सांसद संतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कबीरधाम जिले के समग्र विकास में दिशा समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। समिति के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं की नियमित समीक्षा होने से उनके क्रियान्वयन में गति और पारदर्शिता आती है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि दिशा समिति के मनोनीत सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया है। इन समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा जिन स्थानों की समस्याएं बैठक में सामने आई हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।

राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी

बैठक में सांसद संतोष पाण्डेय ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ पुल-पुलियों का निर्माण भी समानांतर रूप से किया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र आवागमन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बोड़ला विकासखंड के दलदली मेन रोड से खारिया-अगरी सड़क निर्माण में लापरवाही पर अनुशंसित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया।

आवास, जल जीवन मिशन और सड़क निर्माण को प्राथमिकता

सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकियों के निर्माण एवं नल कनेक्शन विस्तार तथा सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकसित भारत रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्यों की स्वीकृति देने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर बोले— योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि सभी विभाग हितग्राही-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन कर रहे हैं। शासन से प्राप्त निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा जहां भी कमियां होंगी, उन्हें दूर कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को लेकर सुझाव दिए।

इन प्रमुख योजनाओं की हुई समीक्षा

दिशा समिति की बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, समग्र शिक्षा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सांसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, ई-श्रम पोर्टल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0, प्रधानमंत्री जनधन योजना, अटल पेंशन योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुषमा बघेल, बालका रामकिंकर वर्मा, रोशनी साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, डीएफओ निखिल अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, दिशा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page