नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़
खैरागढ़/पैलीमेटा
जिला केसीजी के उप स्वास्थ्य केंद्र पैलीमेटा में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का संकल्प दिलाते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। इसके कारण आर्थिक तंगी, मानसिक तनाव, शारीरिक बीमारियां तथा पारिवारिक विवाद जैसी अनेक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। युवाओं में बढ़ते नशीले पदार्थों के सेवन पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को नशा मुक्ति का सबसे प्रभावी माध्यम बताया गया।
कार्यक्रम में सार्वजनिक स्थलों, अस्पताल, पंचायत, आंगनबाड़ी, विद्यालय परिसर, प्रतीक्षालय तथा चौक-चौराहों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील भी की गई। वक्ताओं ने कहा कि एक जागरूक और सभ्य समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता मनोज साहू, डॉ. उपेंद्रनाथ ठाकुर (आरएमए), प्रेमलाल मेरावी (डब्ल्यूबी), चंद्रा उके (सुपरवाइजर), सुरेश वर्मा, वासुदेव चंदेल (आरएचसी), विशाल यादव (आयुष्मान ऑपरेटर), मथुरा नेताम, कुमार पाल (सरपंच), मोहित साहू, संगीता जंघेल सहित अस्पताल स्टाफ, मरीज एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।


