बाढ़, बिजली और लू से बचाव के लिए मोबाइल ऐप्स का करें उपयोग, 1070 व 112 पर मिलेगी सहायता
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो KCG
खैरागढ़ : भारत सरकार द्वारा बाढ़, आकाशीय बिजली, वनाग्नि, लू एवं तापघात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के संबंध में आमजन को समय पूर्व चेतावनी उपलब्ध कराने हेतु सचेत, दामिनी एवं मेघदूत मोबाइल ऐप विकसित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आपदा की स्थिति में सहायता, बचाव एवं त्वरित सूचना उपलब्ध कराने के लिए आपदा टोल फ्री नंबर 1070 एवं 112 जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि पुलिस, नगर सेना, जिला एवं तहसील स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत स्तर के पटवारी, सरपंच, सचिव, शिक्षक, आशा कार्यकर्ता तथा आम नागरिक अपने मोबाइल फोन में गूगल प्ले स्टोर से सचेत, दामिनी एवं मेघदूत ऐप डाउनलोड कर उनका उपयोग करें।
साथ ही आपदा प्रबंधन से संबंधित इन मोबाइल ऐप्स एवं टोल फ्री नंबर 1070 और 112 का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपदा की स्थिति में नागरिकों को समय रहते चेतावनी एवं आवश्यक सहायता प्राप्त हो सके।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने को कहा है।



