प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, बनी कार्ययोजना


21 जून योग दिवस व 23 जून डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी हुई चर्चा
कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को जिला कार्यालय में जिला कार्यसमिति सह कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के सफल आयोजन तथा संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने संगठन के क्रियान्वयन, कार्य विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को समाज के प्रबुद्ध वर्ग, युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक इन कार्यक्रमों का आयोजन कर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। सम्मेलन के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यशाला में प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामकुमार भट्ट, पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी तथा डॉ. सियाराम साहू ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा राष्ट्रहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। वक्ताओं ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की भूमिका जिला उपाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी ने प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में समाज के प्रबुद्ध एवं प्रभावशाली नागरिकों, शिक्षकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, उद्यमियों, युवाओं तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सम्मेलन में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा तथा विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं। 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के लिए संतोष पटेल को संयोजक नियुक्त किया गया। वहीं 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर जिले में आयोजित कार्यक्रम के लिए परेटन वर्मा को प्रभारी बनाया गया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर, नितेश अग्रवाल, विदेशी राम धुर्वे, कृष्ण कुमार वैष्णव, देव कुमारी चंद्रवंशी, संतोष पटेल, परेटन वर्मा सहित 200 से अधिक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विकसित भारत के संकल्प के साथ कार्यशाला संपन्न
कार्यशाला के अंत में विकसित भारत के निर्माण तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



