सुशासन तिहार में भ्रष्टाचार का आरोप, कोड़ापुरी के सी.सी. रोड निर्माण पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

घटिया सामग्री उपयोग करने का आरोप, सरपंच पर मनमानी एवं दबाव बनाने की शिकायत
पंडरिया/कबीरधाम। जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़ापुरी में निर्माणाधीन सी.सी. रोड कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता, भ्रष्टाचार एवं गुणवत्ता विहीन सामग्री उपयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पंडरिया को शिकायत सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि सी.सी. रोड निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों के विपरीत घटिया रेत एवं निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता शुरू से ही सवालों के घेरे में है और शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों द्वारा लगातार आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद निर्माण कार्य को नहीं रोका गया। इसके विपरीत शिकायत करने वाले लोगों पर दबाव बनाने तथा विवाद की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे गांव में असंतोष का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए। साथ ही निर्माण कार्य की भुगतान राशि गुणवत्ता जांच के बाद ही जारी करने की मांग भी की गई है।
ग्रामीणों ने आवेदन के माध्यम से दोषी सरपंच सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने तथा शासकीय राशि की वसूली की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिला प्रशासन एवं शासन स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।



