खाद-बीज, बढ़ती लागत और किसान समस्याओं को लेकर 27 मई को प्रदेशव्यापी ज्ञापन देगा भारतीय किसान संघ
खाद-बीज, बढ़ती लागत और किसान समस्याओं को लेकर 27 मई को प्रदेशव्यापी ज्ञापन देगा भारतीय किसान संघ
कबीरधाम -भारतीय किसान संघ द्वारा किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर 27 मई को पूरे छत्तीसगढ़ में तहसील स्तर पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रदेश के सभी तहसीलों में एक ही दिन किसानों की समस्याओं को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन दिया जाएगा। इसी कड़ी में कबीरधाम जिले की सभी आठ तहसीलों में भारतीय किसान संघ के बैनर तले ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई है।
भारतीय किसान संघ ने बताया कि वर्तमान समय में किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, कृषि लागत में लगातार हो रही वृद्धि सहित कई स्थानीय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के कारण किसानों की खेती प्रभावित हो रही है तथा आर्थिक बोझ भी बढ़ता जा रहा है।
संघ का कहना है कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना आवश्यक है। ज्ञापन के माध्यम से किसानों की परेशानियों और मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
भारतीय किसान संघ का मानना है कि यदि किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया गया, तो इसका सीधा असर कृषि उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है।
भारतीय किसान संघ ने प्रदेश के सभी किसानों, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कबीरधाम जिले में भी संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, जिससे जिले की सभी आठ तहसीलों में किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।



