मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026: 26 अप्रैल को होगी परीक्षा, 2.47 लाख अभ्यर्थी शामिल

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
सुबह 9:30 बजे बंद होगा गेट, देर से आने पर प्रवेश नहीं
खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 26 अप्रैल को राज्य के 16 जिलों में किया जाएगा। इस परीक्षा में लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि सभी 33 जिलों के परीक्षार्थी इसमें भाग ले रहे हैं।
परीक्षा से एक दिन पहले केंद्र का निरीक्षण जरूरी
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य किया गया है, जिससे फ्रिस्किंग और पहचान पत्र सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
समय का रखें विशेष ध्यान, देर से आने पर प्रवेश नहीं
परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 12:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
हल्के रंग के कपड़े अनिवार्य, कई वस्तुओं पर प्रतिबंध
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित रहेगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति है तथा कान में किसी भी प्रकार का आभूषण नहीं पहनना होगा।
मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व अन्य सामान पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन ही साथ लाने की अनुमति होगी।
नियमों का उल्लंघन करने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थिता तत्काल समाप्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


