तीन तहसीलों में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारम्भ

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : जिले के खैरागढ़, छुईखदान और गंडई तहसीलों में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को गति देते हुए रविवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला में शिक्षकों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है।
तहसील खैरागढ़ के केंद्रीय विद्यालय, छुईखदान के पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला तथा गंडई स्थित पीएम श्री स्वर्गीय लाल मूरत सिंह खुसरो शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुचारु, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना है।
जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि 19 अप्रैल से प्रारंभ यह प्रशिक्षण तीन दिनों तक चलेगा। इसमें प्रतिभागियों को घर-घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया, परिवारों की सटीक जानकारी संकलित करने, निर्धारित प्रपत्रों को सावधानीपूर्वक भरने तथा डिजिटल माध्यमों से डेटा संग्रहण के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का जागरूक और जिम्मेदार वर्ग हैं, जिनकी भागीदारी से जनगणना कार्य अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनता है। प्रशिक्षित शिक्षक अपने अनुभव और समझ के आधार पर इस राष्ट्रीय दायित्व को बेहतर ढंग से निभा सकेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों—जैसे सही जानकारी प्राप्त करना, तकनीकी समस्याओं का समाधान और समय प्रबंधन—के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। साथ ही, त्रुटिरहित एवं प्रामाणिक आंकड़े संकलन पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जनगणना चार्ज अधिकारी, अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि यह प्रशिक्षण जनगणना 2027 को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


