कवर्धा में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, मारपीट केस में पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप

कवर्धा–जिले के दशरंगपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब मनीष चंद्राकर नामक एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और जमकर हंगामा करने लगा. युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई.
पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
युवक का आरोप है कि पुलिस ने मारपीट के एक मामले में एकपक्षीय कार्रवाई की है. मनीष चंद्राकर का कहना है कि उसकी शिकायत पर अब तक FIR दर्ज नहीं की गई, जिससे वह आक्रोशित होकर यह कदम उठाने को मजबूर हुआ.
मारपीट केस में पुलिस ने की थी कार्रवाई
दरअसल, होली के दिन मनीष चंद्राकर और उसके साथियों का खड़सरा निवासी कोटवार के बेटे के साथ विवाद हो गया था, जो मारपीट में बदल गया. इस घटना में कोटवार का बेटा घायल हो गया था. कोटवार पक्ष की शिकायत पर दशरंगपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मनीष और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
जमानत पर रिहा होकर टॉवर पर चढ़ा
जमानत पर रिहा होने के बाद मनीष चंद्राकर ने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और FIR की मांग की, लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की. इसी से नाराज होकर वह पुलिस चौकी के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगा.
पुलिस दे रही समझाइश
मौके पर पहुंचे डीएसपी आशीष शुक्ला ने बताया कि युवक को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस का कहना है कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद मामले की विधिसम्मत जांच की जाएगी. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि खबर लिखे जाने तक युवक को नीचे नहीं उतारा गया है.

