पॉलिटेक्निक कॉलेज खैरागढ़ में 35 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा एमएसएमई क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित करने के उद्देश्य से RAMP योजना के अंतर्गत उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) बैच-1 का समापन 12 मार्च को पॉलिटेक्निक कॉलेज खैरागढ़ में हुआ। 23 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, महिला उद्यमियों, स्व-सहायता समूह के सदस्यों और स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक प्रतिभागियों को व्यवसाय स्थापना, प्रबंधन तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता की अवधारणा, स्थानीय संसाधनों से व्यावसायिक अवसरों की पहचान, छत्तीसगढ़ में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन, वनोपज, हथकरघा-हस्तशिल्प, धातु निर्माण एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े एमएसएमई अवसरों के बारे में बताया गया। विशेषज्ञों ने व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से मार्गदर्शन देते हुए प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया।
कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक कॉलेज के 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें सामूहिक चर्चा और फीडबैक प्रक्रिया भी आयोजित की गई। इस दौरान 10 प्रतिभागियों का उद्यम पोर्टल में पंजीयन कराया गया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक प्रमेश्वर विजयवार और तुषार साहू उपस्थित रहे। समापन अवसर पर चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


