ग्राम उदयपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी
खैरागढ़ : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना छुईखदान द्वारा ग्राम उदयपुर में महिला सशक्तिकरण को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, खेल तथा विज्ञान सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। समाज के समग्र विकास और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के साथ-साथ विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षा से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सेल की सहायक उपनिरीक्षक द्वारा साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई तथा महिलाओं को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, जनपद पंचायत छुईखदान की सभापति ज्योति जंघेल, जनपद सदस्य दुष्यंत जंघेल, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, ग्राम सरपंच एवं पंचगण उपस्थित रहे।
इसी प्रकार अधिकारियों एवं कर्मचारियों में जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीतराम खूंटेल, परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे, जिला मिशन समन्वयक वृंदा हनवंत, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सुरेश साहू सहित समस्त सेक्टर पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन के प्रति आभार व्यक्त किया।




