संत रविदास जयंती समारोह 2026 : सामाजिक एकता और चेतना का भव्य उत्सव
संत रविदास जयंती समारोह 2026 : सामाजिक एकता और चेतना का भव्य उत्सव

पंडरिया में ऐतिहासिक आयोजन, विधायक भावना बोहरा ने मंगल भवन निर्माण हेतु ₹10 लाख की घोषणा
पंडरिया : संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं पावन जयंती के अवसर पर संत शिरोमणि श्री सदगुरू रविदास गुरुद्वारा, वार्ड क्रमांक–14, पाढ़ी रोड, पंडरिया में हर्षोल्लास के साथ भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम न होकर संत रविदास जी के समता, मानवता, सामाजिक न्याय एवं आत्मसम्मान के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना।
समारोह की मुख्य अतिथि माननीय उत्कृष्ट विधायक श्रीमती भावना बोहरा जी तथा विशिष्ट अतिथि मा. श्री दिलीप धृतलहरे जी (भाजपा संगठन मंत्री, जिला कबीरधाम) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में विधायक भावना बोहरा जी ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने सभी वर्गों से संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक एकता एवं समानता को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने अहिरवार समाज के मंगल भवन निर्माण हेतु ₹10 लाख की घोषणा कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और जनसेवा ही भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंजुला देवी कुर्रे जी (अध्यक्ष, नगरपालिका परिषद पंडरिया) ने की। समारोह में सुमीत तिवारी जी (उपाध्यक्ष, नपा पंडरिया), घनाराम बाँधेकर जी (संरक्षक, प्रांतीय अहिरवार समाज) सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी, पार्षदगण एवं सरपंचगण उपस्थित रहे।
समारोह में लोरमी, मुंगेली, कवर्धा, बोड़ला एवं पंडरिया क्षेत्र के दूर-दराज़ ग्रामों से बड़ी संख्या में पधारे अहिरवार समाज के सामाजिक बंधु, मातृशक्ति एवं बच्चों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में पंडरिया अहिरवार समाज द्वारा मुख्य अतिथि, मंडल अध्यक्ष, समस्त जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त किया गया।



