ChhattisgarhKCGखास-खबर

राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत जिले में सामूहिक दवा सेवन अभियान का शुभारंभ

News Ad Slider
Advertisement

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ :
भारत सरकार द्वारा वर्ष 2027 तक छत्तीसगढ़ राज्य सहित देश के सभी राज्यों को फाइलेरिया मुक्त किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक जिले में सामूहिक दवा सेवन (एम.डी.ए.) अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ कलेक्टर सभागृह में कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल द्वारा स्वयं दवा का सेवन कर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे फाइलेरिया (हाथीपांव) जैसे गंभीर रोग से बचाव हेतु शासन द्वारा प्रदत्त दवाओं का अनिवार्य रूप से सेवन करें।

कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि फाइलेरिया मच्छर के काटने से फैलने वाला गंभीर रोग है, जिसका वर्तमान में कोई प्रभावी उपचार उपलब्ध नहीं है, इसलिए इससे बचाव अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिले के सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सहयोग करने के निर्देश दिए।

इस अभियान के अंतर्गत विधानसभा खैरागढ़ की विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा तथा जिला भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्वयं फाइलेरिया से बचाव हेतु दवा का सेवन किया गया तथा आम नागरिकों से भी दवा सेवन करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, जिला नोडल अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, वी.बी.डी. टेक्निकल सुपरवाइजर विवेक मेश्राम, आर.एच.ओ. संतोष बर्वे, आर.एच.ओ. युवराज वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई अंतर्गत दोनों विकासखंडों की कुल 4,36,943 जनसंख्या में से अनुमानित 3,93,249 योग्य व्यक्तियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों द्वारा अपने समक्ष फाइलेरिया से बचाव हेतु दवा सेवन कराया जाएगा।

अभियान के तहत पूरे जिले में 810 प्रशिक्षित दवा प्रशासक दल, 806 बूथ तथा 16 स्वास्थ्य केंद्रों में एम.डी.ए. कॉर्नर स्थापित किए गए हैं। बिहान समूह द्वारा जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहयोग किया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 10 से 12 फरवरी 2026 तक आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा। दिनांक 13 से 23 फरवरी 2026 तक घर-घर भ्रमण कर समुदाय स्तर पर दवा सेवन कराया जाएगा, जबकि 24 एवं 25 फरवरी 2026 को छूटे हुए व्यक्तियों को दवा सेवन कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त 10 से 25 फरवरी 2026 तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं निजी चिकित्सालयों की ओ.पी.डी. के समीप एम.डी.ए. कॉर्नर के माध्यम से भी दवा सेवन कराया जाएगा।

इस 15 दिवसीय अभियान के अंतर्गत 2 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर अन्य सभी पात्र व्यक्तियों को आयु अनुसार डाई-एथाइल-कार्बामैजिन (डी.ई.सी.) एवं एलबेंडाजोल की दवाएं निःशुल्क सेवन कराई जाएंगी।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वयं दवा का सेवन करें तथा अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं समुदाय के अन्य लोगों को भी दवा सेवन हेतु प्रेरित करें, जिससे जनभागीदारी से जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page