उपभोक्ता जागरूक भारत यात्रा 42वें दिन रायपुर पहुँची, उपभोक्ता अधिकारों को लेकर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

उपभोक्ता जागरूक भारत यात्रा 42वें दिन रायपुर पहुँची, उपभोक्ता अधिकारों को लेकर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

रायपुर। देशभर में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली जा रही उपभोक्ता जागरूक भारत यात्रा अपने 42वें दिन आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुँची। इस अवसर पर सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन के तत्वावधान में यात्रा का भव्य स्वागत एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कंज़्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. अनन्त शर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मानक ब्यूरो के निदेशक श्री सुमन कुमार गुप्ता ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के रजिस्ट्रार आदरणीय श्रीनिवास तिवारी, जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष श्री डी. पी. शर्मा एवं स्थानीय मानकीकरण आयोग के सदस्य श्री गीतेश अमरोही मंचस्थ रहे।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए राज्य उपभोक्ता संरक्षण परिषद के सदस्य डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि यह यात्रा भारत मंडपम, नई दिल्ली से देश के केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री आदरणीय श्री प्रह्लाद जोशी एवं केंद्रीय सचिव श्रीमती निधि खरे द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई थी।
यह यात्रा देश के 28 राज्यों में लगभग 17,000 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 15 मार्च 2026 को पुनः नई दिल्ली पहुँचेगी।
डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम को प्रभावी रूप से आम जनता तक पहुँचाना, उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। यह यात्रा कंज़्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की जा रही है, जो देश के उपभोक्ता संगठनों का महासंघ है।
मुख्य अतिथि डॉ. अनन्त शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उपभोक्ता तभी सशक्त होगा जब उसे अपने अधिकारों की पूर्ण जानकारी होगी। इस यात्रा के माध्यम से देश के कोने-कोने तक उपभोक्ता हितों की आवाज़ पहुँचाई जा रही है और आम नागरिकों को न्याय के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारतीय मानक ब्यूरो के निदेशक श्री सुमन कुमार गुप्ता ने मानकों एवं मानकीकरण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि BIS द्वारा निर्धारित मानक उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उपभोक्ता हितों में BIS द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
विशिष्ट अतिथि राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के रजिस्ट्रार श्रीनिवास तिवारी ने उपभोक्ता फोरम की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया एवं वर्तमान में उपभोक्ता हितों में दिए जा रहे निर्णयों की जानकारी दी।
वहीं जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष श्री डी. पी. शर्मा ने उपभोक्ताओं से अपने अधिकारों के लिए जागरूक होकर आगे आने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन की ओर से कार्यक्रम में राजेश पांडे, संस्था की सचिव श्रीमती मीनाक्षी गौतम, देवेंद्र चंद्रवंशी, शैलेश सरनायक, हरिशंकर बांसवार, पूजा सिन्हा, श्यामा मानिकपुरी, अंशु सेन, बबिता शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, उपभोक्ता संगठनों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में कैलाश कुमावत, संजय खंडेलवाल, रेखा खंडेलवाल, अजय सक्सेना सहित देशभर से आए उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधि विशेष रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपभोक्ता हितों की रक्षा एवं जागरूकता के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।


