धान खरीदी केंद्रों में पारदर्शीता और सुगमता के साथ धान खरीदी सुनिश्चित हो-कलेक्टर


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों को शतप्रतिशत सटीकता के साथ सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
समय सीमा की बैठक सम्पन्न

अभिनव पहल खैरागढ़ :
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में समस्त जिला अधिकारियों से विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने हर विभाग को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में चल रहे धान खरीदी कार्यों की प्रगति, तौल व्यवस्था, बोरा उपलब्धता, परिवहन प्रबंधन, टोकन वितरण प्रणाली, भुगतान प्रक्रिया एवं खरीदी केन्द्रों की निगरानी व्यवस्था का विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खरीदी केन्द्रों में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। भुगतान प्रक्रिया समयबद्ध हो, भीड़ प्रबंधन सुचारू रहे और प्रत्येक केंद्र का निरीक्षण नियमित रूप से किया जाए।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी केन्द्रों में व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जा रही है और धान खरीदी कार्य सुचारू, सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से जारी है।
इसके साथ ही कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्यों में शत-प्रतिशत सटीकता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीईओ एवं सीएमओ को ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी करवा कर नागरिकों को जागरूक करने, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा छूटे हुए नामों की जानकारी एकत्र करने हेतु सक्रिय अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुनादी के माध्यम से पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी अधिक लोगों तक पहुँचेगी और मतदाता सूची को अद्यतन करने में मदद मिलेगी।
बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं, लोकार्पण एवं भूमिपूजन से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति का भी समीक्षा किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता मानकों, पूर्णता की समय-सीमा तथा फील्ड-स्तर की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों में विलंब हो रहा है, उन्हें प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि घोषणाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुँच सके।
इसके अतिरिक्त शासकीय कार्यालयों हेतु भूमि आबंटन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमनराज, दोनों अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

