जिला के.सी.जी. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2025) में तेजी, मतदाताओं के ऑनलाइन अपडेट कार्य में निरंतर प्रगति

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ 21 नवंबर 2025// भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों में 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2025) कार्य प्रगति पर है। जिले में 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर उन्हें वापस प्राप्त किया जा रहा है तथा संबंधित विवरण को voters.eci.gov.in पोर्टल पर अद्यतन किया जा रहा है।
नवीन युक्तियुक्तकरण के अनुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 73-खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 405 मतदान केन्द्र स्थापित हैं, जिनमें 2,26,743 मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार 74-डोंगरगढ़ (आंशिक) विधानसभा क्षेत्र में 106 मतदान केन्द्रों में 73,067 मतदाता पंजीकृत हैं। विशेष पुनरीक्षण कार्य पूर्व के मतदान केन्द्रों के आधार पर किया जा रहा है। 73-खैरागढ़ में 286 तथा 74-डोंगरगढ़ (आंशिक) में 97 मतदान केन्द्रों पर बी.एल.ओ., अभिहित अधिकारी तथा वालंटियर नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक 10 मतदान केन्द्रों पर बी.एल.ओ. सुपरवाइजर तथा पुनरीक्षण कार्य की समुचित निगरानी हेतु 73-खैरागढ़ और 74-डोंगरगढ़ में क्रमशः 8 और 9 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यरत हैं।
निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी प्रत्येक मतदान केन्द्र पर अपने बी.एल.ए. नियुक्त करने के लिए आमंत्रित किया गया है, जिससे वे बी.एल.ओ. एवं शासकीय अमले के साथ समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया में योगदान दे सकें।
आज 20 नवम्बर 2025 को शाम 4:00 बजे तक विधानसभा क्षेत्र 73-खैरागढ़ के 2,26,743 मतदाताओं में से 62,098 मतदाताओं के गणना पत्रक ऑनलाइन अपडेट किए जा चुके हैं, जो 27.39 प्रतिशत है। वहीं 74-डोंगरगढ़ (आंशिक) क्षेत्र में 73,067 मतदाताओं में से 18,337 मतदाताओं का ऑनलाइन अद्यतन पूरा किया गया है, जो 25.10 प्रतिशत है। कार्य की गति बढ़ाने एवं मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिला, अनुभाग एवं तहसील स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही मतदाताओं की शंकाओं के समाधान हेतु जिला तथा अनुविभागीय कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जिनके संपर्क नंबर जारी किए जा रहे हैं।


