जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में बजट को अनुमोदित किया गया

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में बजट को अनुमोदित किया गया
खैरागढ़ // जिला पंचायत के सभा कक्ष मैकाल सदन में सामान्य सभा की बैठक का आयोजन आज दोपहर एक बजे किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका ख़म्हन ताम्रकार ने की। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सभापति श्रीमती अरुणा सिंह बनाफ़र, श्रीमती भुनेश्वरी जीवन देवांगन, श्रीमती जमुना नरेश कुर्रे, श्रीमती हेमलता मंडावी, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, सदस्य श्रीमती निर्मला विजय वर्मा, सुश्री शताक्षी देवव्रत सिंह, जनपद अध्यक्ष खैरागढ़ श्रीमती राजश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, जनपद अध्यक्ष छुईखदान श्रीमती पुष्पा प्रकाश वर्मा, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, विधायक प्रतिनिधि हिमांचल एवं भीखम सिंहा, वनमण्डलाधिकारी पंकज राजपूत, सीईओ प्रेम कुमार पटेल, उपसंचालक पंचायत गीत सिन्हा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

जिला पंचायत की बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के लिए तैयार बजट जिसे जिला पंचायत के सामान्य प्रशासन समिति के द्वारा अनुशंसित किया गया था, उसे सदस्यों के समक्ष चर्चा एवं अनुमोदन के लिए रखा गया। बजट में प्रस्तावित आय व्यव के मदों पर विचार करते हुए सर्व सम्मति से बजट को अनुमोदित किया गया जिसे अंतिम अनुमोदन हेतु आयुक्त, ग्रामीण विकास को प्रेषित किया जाएगा।
सभा में सदस्यों के द्वारा जन सामान्य से जुड़े विषयों के संबंध में उपस्थित विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली गई तथा कार्यों में कसावट एवं तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सदस्यों के द्वारा विशेष रूप से वृक्षारोपण के माध्यम से लगाए गए पौधों का उचित रखरखाव, आधुनिक मुनारों का निर्माण, किसानों को खाद की उपलब्धता एवं खुले मार्केट में खाद का दर, किसान सम्मान निधि के पंजीयन में अनियमितता, अनियमित बिजली कटौती, किसानों का पंजीयन, सहकारी समितियों में शेयरधारकों के अंश के साथ की जा रही अनियमितता की जांच, जिले के स्कूलों के जर्जर भवन के मरम्मत एवं नवीन कक्ष के निर्माण की आवश्यकता, ग्रामीण आवास योजना में मजदूरी राशि भुगतान में हो रही देरी, राशनकार्ड बनाने में आ रही समस्या आदि विषयों पर विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करते हुए आमजन को योजनाओं का सही से लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। बारिश के मौसम में मौसमी बीमारियां से बचाव के पर्याप्त इंतज़ाम के साथ शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। बारिश के मौसम में सड़कों की ख़राब स्थिति का जायजा लेकर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।




