मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील विचारक, लेखक, कवि और वरिष्ठ पत्रकार श्री ललित सुरजन के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया


मुख्यमंत्री ने कहा : छत्तीसगढ़ ने आज अपना एक सपूत खो दिया
रायपुर! मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रगतिशील विचारक, लेखक, कवि और वरिष्ठ पत्रकार श्री ललित सुरजन के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री ललित सुरजन जी के निधन की सूचना ने स्तब्ध कर दिया है। आज छत्तीसगढ़ ने अपना एक सपूत खो दिया। सांप्रदायिकता और कूपमंडूकता के खिलाफ देशबंधु के माध्यम से जो लौ मायाराम सुरजन जी ने जलाई थी, उसे ललित भैया ने बखूबी आगे बढ़ाया। पूरी जिंदगी उन्होंने मूल्यों को लेकर कोई समझौता नहीं किया। पूरा पत्रकार जगत ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल देने की प्रार्थना करता है। ललित भैया राजनीति पर पैनी नजर रखते थे और लोकतंत्र में उनकी गहरी आस्था थी। नेहरू जी के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा मुझे बहुत प्रेरित करती थी। उनके नेतृत्व में देशबंधु ने दर्जनों ऐसे पत्रकार दिए हैं, जिन पर छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश दोनों को गर्व हो सकता है।