G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhRaipur

नड्डा की नई टीम में इन नेताओं को नहीं मिली जगह.. सरोज को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी.. डॉ. अनिल जैन को केंद्रीय मंत्रीमंडल विस्तार में जगह मिलने के संकेत..

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया। अध्यक्ष का पद संभालने के आठ महीने बाद जेपी नड्डा ने पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की है। नई टीम में जहां बेंगलुरु सीट से लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या को भाजपा युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, तो वहीं मुकुल रॉय, अन्नपूर्णा देवी और बैजयंत जय पांडा को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि कुछ नेताओं को संगठन में जगह नहीं दी गई है।

  • राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सरोज पाण्डेय का नाम शामिल नहीं होना चौंकाने वाला है। अमित शाह की कार्यकारिणी में सरोज को काफी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी। उन्हें महामंत्री बनाने के अलावा महाराष्ट्र का प्रभारी भी बनाया गया था। महामंत्री रहते हुए ही उन्हें राज्यसभा भेजा गया था। माना जा रहा है कि सरोज पांडेय को महिला मोर्चा की बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि अभी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा नहीं हुई है।
  • इसी प्रकार राज्यसभा सदस्य रामविचार नेताम को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। इस बार नड्डा की कार्यकारिणी में उन्हें जगह नहीं मिली है। हालांकि उनके जातिगत कोटे से रेणुका सिंह को केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया गया है।
  • प्रदेश प्रभारी प्रभारी रहे डॉ. अनिल जैन का संगठन में अच्छा काम रहा है। इसलिए उनको प्रमोशन मिलना तय है। डॉ. जैन को केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में जगह मिलने के संकेत मिल रहे हैं।

आइए जानते हैं भाजपा की नई टीम की 7 खास बातें

1-            राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास का नाम शामिल किया गया है। वहीं, पार्टी के नए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर राधा मोहन सिंह, रेखा वर्मा, भारती बेन शियाल, डीके अरुणा, डॉ. एम चुबा आओ और अब्दुल्ला कुट्टी को भी जगह दी गई है।

2-            पुराने उपाध्यक्षों में से जिन लोगों को नई टीम में जगह नहीं मिली है, उनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उमा भारती, प्रभात झा, विनय सहस्रबुद्धे, रेणु देवी, ओम प्रकाश माथुर, श्याम जाजू और अविनाश राय खन्ना के नाम शामिल हैं।

नई टीम में राम माधव नहीं

3-            भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से पूनम महाजन को हटाते हुए लोकसभा के लिए पहली बार चुनकर आए तेजस्वी सूर्या को ये जिम्मेदारी दी गई है। हाल के दिनों में अपने कुछ बयानों और ट्वीट्स को लेकर तेजस्वी सूर्या खबरों में रहे थे।

4-            राम माधव, मुरलीधर राव, सरोज पांडे और अनिल जैन को इस बार भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के पद पर दोबारा नहीं नियुक्त किया गया है। इनके स्थान पर डी पुरंदेश्वरी, कर्नाटक के पर्यटन मंत्री सीटी रवि और तरुण चुघ को नया पार्टी महासचिव बनाया गया है।

SC मोर्चा की जिम्मेदारी लाल सिंह आर्य को

5-            पार्टी के राज्यसभा सासंद दुष्यंत राय गौतम, जो पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे, उन्हें अब राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। भूपेंद्र यादव, अरुण सिंह और कैलाश विजयवर्गीय को उनके राष्ट्रीय महासचिव के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के उनके पद पर फिर से जगह दी गई है।

6-            भाजपा ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी के. लक्ष्मण को दी गई है। अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष पद पर जमाल सिद्दीकी को नियुक्त किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी लाल सिंह आर्य और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी समीर उरांव को दी गई है।

नई टीम में 23 राष्ट्रीय प्रवक्ता

7-            भाजपा ने नई टीम में 23 राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किए हैं। पुराने प्रवक्ताओं संबित पात्रा, गौरव भाटिया और शहनवाज हुसैन के अलावा राजीव चंद्रशेखर, संजू वर्मा, इकबाल सिंह लालपुरा, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, अपराजिता सारंगी, हिना गावित, गुरुप्रकाश, एम किकोन, नूपुर शर्मा, राजू बिष्ट और केके शर्मा नए प्रवक्ता बनाए गए हैं।

पहली बार 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

भाजपा ने पहली बार 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए हैं। नई टीम में हर राज्य को बराबर की भागीदारी दी गई है। महिलाओं और युवाओं को तरजीह दी गई है। नई टीम में राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की संख्या बढाकर 23 कर दी गई है। उत्तराखंड से सांसद अनिल बलूनी को मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page