पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने कराना होगा ई-केवाईसी
AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ :
राज्य शासन के निर्देशानुसार श्रम विभाग के विभिन्न हितग्राही मुलक योजनाओं का लाभ डीबीटी अंतरण के माध्यम से हितग्राहियों के बैंक खाते में किया जा रहा है। योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र श्रमिकों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे, इसके लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया लागू कि गई है। पंजीकृत सभी, निर्माण, संगठित, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को अपना पंजीयन का ई-केवाईसी पूर्ण करवाना अनिवार्य है।
वर्तमान में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के राशन कार्ड डाटा का श्रमिक पंजीयन डाटा से मिलान किया जा रहा है, ताकि हितग्राहियों के पहचान की पुष्टि की जा सके। सत्यापन की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है। जिन श्रमिकों के आधार कार्ड एवं राशन कार्ड विवरण में समानता पाई जायेगी, उनका प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन किया जायेगा। जहां नाम या अन्य विवरण में आंशिक भिन्नता पाई जायेगी वहां संबंधित अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन एवं आवश्यक सुधार किया जायेगा। वर्तमान में जिला-खैरागढ़-छुईखदान-गंडई अंतर्गत 6984 श्रमिकों का ई-केवाईसी किया जाना है।
श्रमपदाधिकारी उज्जवल भोई ने पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है, कि जिनके मोबाईल पर आधार एवं श्रम कार्ड डाटा में समानता नहीं पाये जाने के संबंध में संदेश प्राप्त हुआ है वह श्रम कार्यालय, जिला कलेक्टोरेट कार्यालय, कक्ष क्रमांक 23, प्रथम तल, खैरागढ़ में आकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, एवं अपने आधार की मूलप्रति कार्यालय में दिखाकर अपना निःशुल्क ई-केवाईसी करवा सकते हैं।

