ज्ञानभारत मिशन के तहत राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान शुरू
AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ :
जिले में “ज्ञानभारत” मिशन के अंतर्गत “राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण” अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत जिले में पाण्डुलिपि संग्रह के संभावित केन्द्रों का चिन्हांकन एवं सर्वेक्षण आगामी 03 माह के भीतर पूर्ण किया जाएगा।
विभिन्न संस्थानों एवं विद्वानों का किया जाएगा सर्वेक्षण
इस सर्वेक्षण में संस्कृत महाविद्यालय, निजी एवं शासकीय पुस्तकालय, संग्रहालय, शिक्षण एवं शोध संस्थान, संस्कृत पाठशालाएं, मंदिर, मठ, आश्रम, गुरूकुल, ट्रस्ट एवं निजी संग्रहकर्ता, पुरोहित, धर्माचार्य, ज्योतिषाचार्य, आयुर्वेदाचार्य सहित संस्कृत एवं प्राचीन भाषाओं के विद्वानों को शामिल किया जाएगा।
मोबाइल ऐप के माध्यम से होगा सर्वे कार्य
सर्वेक्षण कार्य “GYAN BHARTAM MOBILE APP” के माध्यम से किया जाएगा, जो गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है। इस ऐप के जरिए जिले में पाण्डुलिपियों से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी।
मास्टर ट्रेनर्स नियुक्त कर प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई
ग्राम पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण देने हेतु जिले में मास्टर ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं। इनमें पवन ददरिया (नोडल पीएमश्री), आत्माराम साहू (नोडल समग्र शिक्षा), शिरिष कुमार पाण्डेय (नोडल समग्र शिक्षा), हासिल खान (तकनीकी सहायक, मनरेगा) तथा मनोज साहू (एडीपीएम, आरजीएसए) शामिल हैं। ये सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से सचिवों को सर्वेक्षण कार्य की जानकारी देंगे।
प्रशिक्षण 14 दिनों में पूर्ण करने के निर्देश
सभी नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स को निर्देशित किया गया है कि वे 14 दिवस के भीतर जिले के समस्त ग्राम पंचायत सचिवों का प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्ण कर प्रतिवेदन जिला पंचायत कार्यालय को प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।


